यमुनापार। दीपावली की रात आतिशबाजी के बीच यमुनापार में भाजपा नेता की स्कॉर्पियो को निशाना बनाकर आग लगा दी गई। आरोपी ने पहले पत्थर से कार का अगला शीशा तोड़ा, फिर अंदर और गाड़ी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो धू-धूकर जलने लगी। शुरुआत में परिजनों को लगा कि आतिशबाजी की चिंगारी से कार में आग लगी है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर जानबूझकर आग लगाने की वारदात सामने आई।
एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी भाजपा नेता सौरभ ठाकुर सोमवार रात दीपावली पर ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज-2 स्थित पानी की टंकी के पास अपनी बुआ के घर गए थे। उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो घर के बाहर खड़ी कर दी थी। देर रात करीब 1 बजे अचानक कार आग की लपटों से घिर गई। कार जलती देखकर परिजनों में खलबली मच गई।
बाद में घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो एक युवक पत्थर से शीशा तोड़ता और ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाता दिखाई दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से चला गया। पुलिस रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। अभी पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल भाजपा नेता की गाड़ी को निशाना बनाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। - श्वेता वर्मा, एसीपी छत्ता