युवकों ने बेल्ट से लगाई थी बेटे की पिटाई
थानाध्यक्ष न्यू आगरा ने बताया कि अनूप तिवारी की तहरीर पर मयंक शर्मा, संचित गुप्ता और मयंक के भाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने तहरीर में लिखा कि तीनों युवकों ने बेटे को होली की दूज पर वजीरपुरा स्थित मॉल के पास बेल्ट से पीटा था। 20 हजार रुपये और मोबाइल की मांग की थी। इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इससे धनंजय अवसाद में था। वह आत्महत्या के लिए मजबूर हो गया। उन्होंने तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सुसाइड नोट में लिखा : सॉरी मम्मी-पापा, मुझे माफ कर देना...
थाना न्यू आगरा पुलिस के मुताबिक, कमरे में एक डायरी मिली, जिसके एक पन्ने पर सुसाइड नोट लिखा हुआ था। यह धनंजय की तरफ से है। इसमें उसने लिखा है कि सॉरी मम्मी पापा माफ कर देना मुझे। मैं जा रहा हूं। आप सबको छोड़कर। अब बहुत हो गया। मेरे से यह सब और नहीं झिल रहा। मैं कितने काम्प्लीकेशन के साथ जी रहा हूं। मैं जानता हूं। आई एम रियली सॉरी...।
...यह सुसाइड नहीं काइंड ऑफ मर्डर है
इसके बाद लिखा कि जो भी कुछ मेरी लाइफ में हुआ वो बड़े गोलू को, आदित्य को और एक युवती को सब पता हैं। बस यह तीन लड़के हैं। मयंक शर्मा, संचित गुप्ता और एक मयंक का भाई। इन्हें देखना। बाकी युवती (एक दूसरी युवती का नाम लिखा है) को इन्फार्म करके बुला लेना। बस एक रिक्वेस्ट है यह पोस्टमार्टम ना करवाना। बाकी कुछ नहीं चाहिए। गोलू भाई मम्मी पापा का ख्याल रखना। और एक यह लड़के बचने नहीं चाहिए। एक एनी कॉस्ट। यह सुसाइड नहीं काइंड आफ मर्डर है।
सोते से पहले की बात, सुबह फंदे पर लटका मिला
अनूप तिवारी ने बताया कि उनका धनंजय बड़ा बेटा था। छोटा मृत्युंजय तिवारी उर्फ गोलू है। वह बीएएलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र है। धनंजय ने नवरात्र में व्रत रखा था। शुक्रवार रात को वो उनसे बात कर रहा था। परिवार में दो शादियां होने वाली हैं। उनमें जाने को लेकर चर्चा की थी। इसके बाद फलाहार करने की कहकर कमरे में चला गया था। सुबह वह फंदे पर लटका मिला। बेटे की मौत से पिता और मां सदमे में हैं।
पुलिस ने युवती से की बात
थानाध्यक्ष अरविंद निर्वाल ने बताया कि धनंजय ने अपने सुसाइड नोट में दो युवती का जिक्र किया है। इनमें से एक युवती आगरा की रहने वाली है। उससे बात की गई। उसने बताया कि आरोपी मयंक बीबीए पास है। वह अब साइबर कैफे चलाता है। उसका भाई पढ़ाई कर रहा है। वहीं संचित के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। तीनों को हिरासत में लिया जाएगा।