मैनपुरी। पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा पंचायत चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या कर दी है। नामांकन पत्र खरीदने से लेकर मतदान करने तक भाजपा ने प्रशासन के सहयोग से जमकर गुंडागर्दी की है। अधिकारियों ने भाजपा के एजेंट के रूप में काम किया है। भाजपा को अब जनता पर नहीं अधिकारियों पर ही भरोसा रह गया है। इस चुनाव में भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा नजर आ गया।
शनिवार को नगर के एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा पंचायत चुनाव में भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा सामने आ गया है। जनता की नाराजगी को देखते हुए भाजपा उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर भयभीत है। भाजपा की नीतियंा जन विरोधी हैं। पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार योजनाएं बना रही है। महंगाई पर सरकार का कोई अंकुश नहीं है। किसानों को खेत छोड़कर सड़कों पर आंदोलन करना पड़ रहा है।
केंद्र सरकार एमएसपी पर कानून क्यों नहीं बनाना चाहती है। गेहूं खरीद के नाम पर किसानों के साथ धोखा किया गया है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने हमेशा से विकास की राजनीति की है। जबकि भाजपा धर्म की राजनीति करती है। भाई से भाई को लड़ाकर सत्ता पाना ही भाजपा का लक्ष्य रहा है।
उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। नामांकन करने जाने वाली महिलाओं को बीच सड़क पर अधिकारियों के सामने अपमानित किया जा रहा है। भाजपा के दबाव में अधिकारी चुप हैं। प्रदेश में अघोषित आपात काल जैसे हालत बन चुके हैं। अधिकारी सरकार का नहीं स्थानीय भाजपा नेताओं का ही आदेश मानते हैं। प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान मौजूद रहे।