मैनपुरी। चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के आह्वान पर स्वास्थ्य कर्मियों ने दूसरे दिन भी स्थानांतरण नीति के विरोध में दो घंटे कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। साथ ही 11 जुलाई तक मांगे पूरी न होने पर स्वास्थ्य भवन के घेराव की चेतावनी दी।
जिला अस्पताल में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर स्वास्थ्य कर्मियों ने सुबह आठ बजे से 10 बजे तक कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान अस्पताल पहुंचने वाले मरीज इलाज के लिए भटकते रहे। हालांकि इमरजेंसी चालू रही। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिला मंत्री शिव मंगल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पीएमएस संवर्ग, नर्सिंग संवर्ग, पैरामेडिकल संवर्ग और अन्य स्वास्थ्य संवर्गों के अधिकारियों और कर्मचारियों का जबरन स्थानांतरण कर रही है।
कर्मचारी शासन के इस निर्णय को स्वीकार नहीं करेंगे। जिला अस्पताल में धरना प्रदर्शन के दौरान डॉ. आदर्श सेंगर, जितेंद्र यादव, डॉ. पीके दुबे, डॉ. गौरांग गुप्ता, डॉ. गौरव पारिक, डॉ. आरके सिंह, डॉ.पीके दुबे, अवधेश यादव, यतींद्र यादव, गौरव गुप्ता, ब्रजेश भदौरिया, सविनोद तिवारी, सुरजीत यादव, रीता देवी, गीता यादव आदि लोग मौजूद रहे।