उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना का काउंटडाउन शुरू हो गया है। गुरुवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। इस बार मथुरा जिले की पांच विधानसभा सीटों में से गोवर्धन के नतीजे सबसे पहले आएंगे। सबसे अधिक समय मथुरा विधानसभा के मतों की गिनती में लगेगा। नतीजों से एक दिन पहले भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत शर्मा ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की।
विधानसभा चुनाव नतीजों से एक दिन पहले मथुरा से भाजपा प्रत्याशी ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बुधवार को ब्रज के मंदिरों में पूजा-अर्चना की। ऊर्जा मंत्री सबसे पहले मथुरा के रंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन किए।
विज्ञापन
वृंदावन से श्रीकांत शर्मा गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक कर मनौती मांगी। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने बरसाना के राधारानी मंदिर में भी पूचा-अर्चना की। मंदिरों में दर्शन के बाद श्रीकांत शर्मा ने भाजपा की जीत का दावा किया। इस दौरान उनके साथ परिवार के लोग और समर्थक भी रहे।
15 साल तक रहा कांग्रेस का कब्जा
मथुरा विधानसभा सीट पर 2002 से 2017 तक 15 साल कांग्रेस का कब्जा रहा। कांग्रेस के प्रदीप माथुर यहां से 2002, 2007 और 2012 में विधायक चुने गए थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के श्रीकांत शर्मा ने प्रदीप माथुर को हरा दिया। मौजूदा श्रीकांत शर्मा भाजपा सरकार में ऊर्जा मंत्री हैं।
गुरुवार को आएगा चुनाव परिणाम
इस चुनाव में मथुरा सीट से 15 प्रत्याशी हैं। इनकी किस्मत का फैसला गुरुवार को सामने आएगा। श्रीकांत शर्मा और प्रदीप माथुर के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। भाजपा छोड़ने वाले एसके शर्मा ने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा है। सपा रालोद गठबंधन से देवेंद्र अग्रवाल मैदान में हैं।