शास्त्रीपुरम के वेंडिंग जोन में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम
आगरा। शास्त्रीपुरम में बनाए गए वेंडिंग जोन में कब्जा करके एक दर्जन से ज्यादा दुकानदार बिरयानी और अन्य फास्टफूड की बिक्री कर रहे थे। पार्षद की शिकायत पर नगर निगम ने बृहस्पतिवार को वेंडिंग जोन खाली कराया और एक दर्जन से ज्यादा खोखों को जब्त कर लिया।
पार्षद गजेंद्र सिंह ने नगर आयुक्त से वेंडिंग जोन में अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शास्त्रीपुरम स्थित अवंतीबाई चौराहे से आगे फुटपाथ पर कब्जा था। अतिक्रमण होने से लोगाें को आवागमन में दिक्कतें हो रही थीं। बृहस्पतिवार को निगम की टीम ने बुलडोजर से टिनशेड ध्वस्त कर दिए और फुटपाथ पर रखे खोखे जब्त कर लिए। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।