जूता कारोबारी पर संजय प्लेस में उस समय हमला हुआ जब वे घर जा रहे थे। युवकों ने फिल्मी स्टाइल में कार के आगे बाइक लगाकर कारोबारी को रोका और उसके बाद डंडे बरसाना शुरू कर दिए।
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के संजय प्लेस में रविवार को जूता कारोबारी पर बाइक सवार युवकों ने डंडों से हमला बोला। आरोप है कि कार में रखे 1.5 लाख रुपए और सोने की चेन भी लूट ली। पुलिस मामला मारपीट का बता रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घर जाते समय हुई घटना
बापू नगर निवासी नितिन राजोरिया का ऑनलाइन जूतों की बिक्री का काम है। रविवार शाम को वह कमला नगर जा रहे थे। रास्ते में संजय प्लेस में रुक गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि तभी बाइक पर आए दो युवकों ने कार के आगे बाइक लगा दी। उन्होंने साइड का शीशा खोल कर बाइक हटाने को कहा तो युवकों ने हमला बोल दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी नगला बूढ़ी निवासी बताए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।