बाइक सवार छात्रों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, एक की मौत
साथी की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम मोटा रोड पर बाइक सवार छात्रों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घायल साथी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव बीलपुर खास निवासी सूरज कुमार (15) शुक्रवार की शाम साथी विकास शाक्य (18) निवासी सुल्तानपुर नवादा के साथ कस्बा में रक्त की जांच कराने के लिए जा रहा था। रास्ते में मोटा रोड पर नगला परम जाने वाले मार्ग के सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में विकास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शव को पुलिस ने जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भिजवाया। परिजन ने बताया कि मृतक 10वीं का छात्र था। हादसे में विकास की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने कब्जे में लिया ट्रैक्टर
शुक्रवार की शाम मोटा रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर लगने से एक 10वीं के छात्र की मौत हो गई। वहीं किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर को मौके पर पहुंची पुलिस ने कब्जे में लेने के बाद थाने में खड़ा कराया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी कब्जे में ली गई है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल
मैनपुरी। करहल जाने वाले मार्ग पर ट्रक की टक्कर लगने से एक बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। जनपद एटा अलीगंज निवासी साबिर खां शुक्रवार की सुबह इटावा किसी काम से जा रहा था। उसके साथ चचेरा भाई अख्तर भी था। बाइक जब मैनपुरी करहल मार्ग पर एफसीआई गोदाम के पास पहुंची। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में साबिर और अख्तर घायल हो गए। हादसे के बाद मार्ग पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। संवाद