आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के ट्रांसयमुना फेज-1 स्थित मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक घायल हो गया। टक्कर के बाद कार चालक भाग निकला। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार टेढ़ी बगिया निवासी शरीफ मंगलवार की दोपहर दोस्त के साथ ट्रांसयमुना कॉलोनी में खरीदारी करने आए थे। दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से लौट रहे थे। मछली पुलिया की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शरीफ करीब तीन फीट दूर सड़क किनारे खड़ी दूसरी बाइक से जा टकराए और घायल हो गए। उनके दोस्त को चोट नहीं आई। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जांच अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि कार चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।