फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: जंगली जानवर के हमले में किसान घायल, तेंदुए की आशंका से दहशत

विज्ञापन
विज्ञापन
खंदौली। बरहन क्षेत्र के गांव गढ़ी सहजा में खेत पर मंगलवार की दोपहर काम कर रहे किसान पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। किसान की चीख-पुकार पर आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों ने शोर मचाकर किसी तरह उनकी जान बचाई। हमला करने वाला जानवर भीड़ देखते ही भाग गया। ग्रामीण तेंदुए के हमले की आशंका जता रहे हैं। घटना से लोगों में दहशत भी है।गांव गढ़ सहजा निवासी गुड्डू ने बताया कि पातीराम डिग्री कॉलेज के पास स्थित अपने खेत में आलू की फसल की सिंचाई कर रहे थे, तभी किसी जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर उन्होंने चीख-पुकार मचाई। बगल में खेत में रहे किसान महेंद्र फावड़ा लेकर दौड़े। अन्य कई किसान भी शोर मचाते हुए आए। लोगों को आता देख जानवर भाग निकला। लोगों ने बताया कि जंगली जानवर पातीराम डिग्री कॉलेज की बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर घुस गया।
विज्ञापन


हमले में घायल किसान गुड्डू घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी से आगरा रेफर किया गया है। वहीं, सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि वन विभाग की टीम करीब चार घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। वहीं पहुंचने के बाद वन विभाग की टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक जानवर का कुछ पता नहीं लग सका था।
क्षेत्रीय वन अधिकारी पुनीता यादव ने बताया कि घटना के संबंध में कोई स्पष्ट फोटो या वीडियो सामने नहीं आया है। ग्रामीणों की ओर से दिखाए गए पैरों के निशान के आधार पर तेंदुए की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एहतियात के तौर पर वन विभाग की टीम को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है और निगरानी की जा रही है।
विज्ञापन


तेंदुए की आशंका से 12 से ज्यादा गांवों में दहशत



खंदौली। थाना बरहन क्षेत्र के गांव गढ़ी सहजा में किसान पर जंगली जानवर के हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत है। ग्रामीणों को आशंका है कि झरना नाला क्षेत्र के जंगल से तेंदुआ या कोई अन्य जंगली जानवर निकलकर आबादी की ओर आ गया है। इस घटना के बाद गढ़ी सहजा सहित आसपास के 12 से अधिक गांवों के लोग सहमे हुए हैं।
गढ़ी सहजा, अगरपुर, उस्मानपुर, अकबरपुर, नगला हरसुख और आसपास के अन्य गांवों में लोग अकेले खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं। शाम होते ही ग्रामीण अपने बच्चों को घरों से निकलने नहीं दे रहे हैं। किसान झुंड बनाकर खेतों की ओर जा रहे हैं। कई किसानों ने एहतियातन रात में सिंचाई का काम भी बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि झरना नाला और उससे जुड़े जंगलों में पहले भी जंगली जानवर दिखते रहे हैं। लोग आशंका जता रहे हैं कि वहीं से तेंदुआ या कोई अन्य हिंसक जानवर निकल आया है। हालांकि अभी तक जानवर की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पैरों के निशान और हमले के तरीके को देखकर ग्रामीण तेंदुए की संभावना जता रहे हैं। घटना के बाद गांवों में रातभर लोग पहरा दे रहे हैं। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने खुद ही लाठी-डंडे और टॉर्च लेकर निगरानी शुरू कर दी है। महिलाओं और बुजुर्गों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द जंगली जानवर को पकड़वाने की मांग की है।

जंगली जानवर के हमले में 2 बकरियां मरीं
बाह। जैतपुर के कचौराघाट गांव के विद्या भारती की दो बकरियां किसी जंगली जानवर के हमले में मर गईं। पीड़ित ने बताया कि उसके पास 5 बकरियां हैं। यमुना के कछार में चराने ले जाती हैं। चरते समय जंगली जानवर के हमले में दो दिन में दो बकरियां मर गईं। इस संंबंध में पूछने पर जैतपुर के रेंजर कोमल सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम गांव भेजी गई है। बकरियां कुत्ते के हमले में मरी हैं या फिर सियार के हमले में उनकी जान गई है। जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा। गांव के लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें