शिकोहाबाद। स्टेशन रोड पर नहर के समीप एक बाइक हाइड्रा की चपेट में आ गई। जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि बाइक चला रहा युवक बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने हाइड्रा के चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस हाइड्रा और चालक को लेकर थाने आई।
थाना एका क्षेत्र निवासी यामीन (22) शनिवार को छैंकुर बाबा के दर्शनों के लिए अपनी बाइक से आया था। बाबा के दर्शन करने के बाद घर लौट रहा था। जब उसकी बाइक नहर के समीप स्टेशन रोड पर आई, तभी तेज गति से आ रहे हाइड्रा की चपेट में बाइक आ गई। बाइक पर हाइड्रा का पहिया चढ़ गया, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत रही कि हाइड्रा की चपेट में बाइक के आते ही चालक यासीन कूद कर दूर गिर पड़ा, जिससे वह बाल-बाल बच गया। चालक हाइड्रा को लेकर शहर की तरफ भाग गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने उसका पीछा किया और खेड़ा मोहल्ला को जाने वाले रास्ते के समीप उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस हाइड्रा को कब्जे में लेकर थाना पहुंची। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई है।