फतेहाबाद (आगरा)। लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर बुधवार की शाम एक बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद इनर रिंग रोड से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दिलीप कुमार (17) निवासी मुरावल, फतेहाबाद और सचिन चौहान (18) निवासी अर्जुन नगर, आगरा की मौत हो गई।
बमरौली कटारा चौकी की पुलिस ने बताया कि लखनऊ एक्सप्रेसवे से इनर रिंग रोड पर उतरते समय बुधवार शाम एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद रेलिंग से करीब 200 मीटर घिसटते हुए खाई में जा गिरी। बाइक सवार दोनाें युवक रेलिंग से टकराकर वहीं गिर पड़े। दोनाें की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दिलीप कुमार (17) पुत्र कालीचरण निवासी मुरावल पोस्ट भलोखरा फतेहाबाद और सचिन चौहान (18) पुत्र निहाल सिंह निवासी दशरथ कुंज, शहीद पार्क के पास अर्जुन नगर आगरा थे। डौकी थाना अध्यक्ष शेर सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।