मैनपुरी। बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को सात विद्युत उपकेंद्र क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें कुल 35 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई।
अधीक्षण अभियंता रवि कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में सात उपकेंद्र क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। किशनी में बिजली चेकिंग में सात, कुसमरा में पांच, चौराईपुर में पांच, जागीर में दस, मंछना में तीन लोग बिजली चोरी करते हुए मिले। वहीं दिहुली में बिजली चेकिंग के दौरान पांच लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। अवर अभियंताओं की तहरीर पर बिजली थाने में 35 लोगों के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई है।
वहीं अभियान के दौरान जिले भर में 725 कनेक्शन काटे गए। इसमें प्रथम खंड में 50, द्वितीय खंड में 309 और तृतीय खंड में 366 कनेक्शन काटे गए। सभी बकाएदारों को बिल जमा करने की चेतावनी दी गई है।
ट्रांसफॉर्मर के आसपास कराई सफाई
दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए बिजली विभाग उपकरणों की मरम्मत व साफ-सफाई करा रहा है। इसी के तहत मंगलवार को शहर के ज्योंती रोड, देवी रोड, सिविल लाइन क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर के आसपास सफाई कराई। दिन भर कर्मचारी काम में जुटे रहे।