फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: नए साल 2025 में महंगाई का लगेगा बड़ा झटका, नामांतरण शुल्क में 25 गुना वृद्धि; नगर निगम में प्रस्ताव पास

Tue, 31 Dec 2024 10:10 AM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, आगरा

सार

नए साल 2025 में महंगाई का बड़ा झटके लगने जा रहा है। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में नामांतरण (म्यूटेशन) की दरों को 25 गुना बढ़ाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया।
 
विज्ञापन
नगर निगम आगरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नए साल में लोगों की जेब पर बोझ और बढ़ेगा। नगर निगम कई कामों का शुल्क बढ़ाने जा रहा है। सोमवार को आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में नामांतरण (म्यूटेशन) की दरों को 25 गुना बढ़ाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। सेप्टिक टैंक अब नगर निगम से ही साफ कराना होगा। जिसके लिए यूजर चार्ज वसूला जाएगा। कार्यकारिणी में 30 प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
विज्ञापन


नगर निगम में सोमवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में म्यूटेशन संबंधी प्रस्ताव पारित हुआ। वरासत, वसीयत उत्तराधिकारी के नामांतरण शुल्क को 200 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये करने की संस्तुति की गई है। इसे सदन में रखा जाएगा। वहीं पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य के भवनों की डीएम सर्किल रेट के आधार पर लगाई गई स्टांप ड्यूटी पर नामांतरण शुल्क एक प्रतिशत लेने का अनुमोदन किया गया है।


 

कार्यकारिणी में सेप्टिक टैंक खाली कराने के लिए यूजर चार्ज लगाने के प्रस्ताव को भी पारित कर दिया गया। अब केवल नगर निगम को ही सेप्टिक टैंक खाली कराने का अधिकार रहेगा। निजी तौर पर सफाई अवैध मानी जाएगी।500 लीटर के सेप्टिक टैंक को खाली करने के लिए 1500 रुपये, 3 हजार लीटर के लिए 2,000 और 4 हजार लीटर से अधिक का सेप्टिक टैंक खाली कराने के लिए 2,500 रुपये यूजर चार्ज देना होगा। व्यापारियों पर ट्रेड टैक्स लगाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। कहा गया कि इसकी समीक्षा के बिना लागू किया जाना संभव नहीं है।

 

सफाईकर्मियों की भर्ती को मंजूरी
सभी वार्डों में 10-10 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को देने के पार्षद रवि बिहारी माथुर का प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया। महापौर ने बताया कि 20 जनवरी से सफाईकर्मियों की भर्ती शुरू कर दी जाएगी। 10 लाख रुपये से कम के कार्योँ के टेंडर कमेटी को नहीं भेजे जाने के प्रस्ताव को भी पास किया गया।

 

कंबल बांटेंगी मेयर व पार्षद
जनकल्याण कोष योजना में जरूरतमंदों के लिए हर पार्षद को 50-50 और मेयर के लिए 500 कंबल देने का प्रस्ताव भी रवि बिहारी माथुर ने रखा। इसे भी पास किया गया। उन्होंने टेलीकॉम कंपनियों की नेटवर्क केबलों को नगर निगम के पोलों पर लगाए जाने के लिए सालाना 5,000 रुपये का चार्ज लेने का प्रस्ताव रखा। इसे भी पास किया गया। पार्षद बद्री प्रसाद माहौर के नगर निगम की डायरी या पत्रिका नए साल में प्रकाशित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

 

पीपल मंडी के 57 सब्जी विक्रेताओं का किराया बढ़ेगा
 पीपल मंडी तिराहे से मन:कामेश्वर तक ठेल-ढकेल पर सामान बेचने वालों को शिफ्ट करने और पट्टों की जांच के बाद खाली दुकानों का 500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से किराया लेने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दे दी गई। मंडी में 57 दुकानें हैं। इनका अभी किराया 15 रुपये प्रतिमाह है। मीनाक्षी वर्मा, पार्षद गौरव शर्मा ने बताया कि वार्डों में पार्षदों के नाम संबंधी बोर्डों को नगर निगम ने अभी तक नहीं लगाया है।

 
विज्ञापन

महिला शौचालयों में सिटकनी तक नहीं
 उपसभापति हेमलता चौहान ने नगर निगम के महिला शौचालयों का मामला उठाया। कहा कि निगम परिसर में ही शौचालयों का बुरा हाल है। कुंडी तक नहीं हैं। महिलाएं परेशान होती हैं। इस पर मेयर ने नाराजगी जताई। एक दिन में इसे दुरुस्त करने के लिए कहा। टैक्स के लिए आवासों का फिर से सर्वे कराने का प्रस्ताव भी आया, जिस पर चर्चा हुई मगर पास नहीं हुआ।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें