कब्जे से चार बाइकें बरामद, मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना भोगांव पुलिस चेकिंग के दौरान एक वाहन चोर को तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ करने के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल चार बाइकें बरामद की। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेजा है।
लोकसभा चुनाव को लेकर जनपद पुलिस सघनता के साथ चेकिंग अभियान चला रही है। प्रभारी निरीक्षक गगन कुमार गौड़ ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस टीम परतापुर पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। जब उसे रोकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़ कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कुछ दूर पर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर युवक के पास एक तमंचा कारतूस बरामद हुआ। पास मिली बाइक भी चोरी की निकली। पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम अश्विनी निवासी गांव नाका भोगांव बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने तीन अन्य चोरी की बाइकों के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने निशानदेही पर अन्य तीन बाइक भी बरामद कर लीं। सीओ भोगांव सुनील कुमार ने बताया कि वाहन चोर के कब्जे से कुल चार चोरी की बाइकें बरामद हुईं हैं। मुकदमा दर्ज करने के बाद वाहन चोर को न्यायालय से जेल भेजा गया है।