आगरा। भजन सम्राट लखबीर सिंह लक्खा ने मंच पर जैसे ही प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी भजन प्रस्तुत किया, तो श्रद्धालु माता रानी के जयकारों के साथ झूम उठे। मौका था कमला नगर स्थित झंडेवाली माता मंदिर के 16वें स्थापना दिवस पर आयोजित माता की चौकी का। गणेश पार्क कमला नगर में बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में माता का भव्य दरबार सजाया गया। माता को छप्पन भोग अर्पित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने माता की ज्योत प्रज्वलित कर किया। लखबीर सिंह लक्खा जैसे ही मंच पर आए जय मां शेरावाली के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। इसके बाद एक से बढ़कर एक भेंट सुनाकर माहौल में भक्ति का संचार किया। उन्होंने लाल लाल चुनरी सितारों वाली..., तू जो कृपा जरा सी कर दे, सिर पर हाथ मेरे तू रख दे..., कीजो केसरी के लाल मेरा छोटा सा यह काम... आदि भजनों से देवी भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इससे पहले स्थानीय गायकों ने माता का गुणगान किया। महंत राजू भगत ने लखबीर सिंह लक्खा को चुनरी ओढ़ाकर ओर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राजकुमार अग्रवाल, संजय बंसल, दीपक ढल, आशीष जैन मोनू, अनिल खंडेलवाल, मुकुल जमदग्नि, विद्युत अग्रवाल, ऋषभ वर्मा आदि ने व्यवस्था संभाली।