आगरा। गुदड़ी मंसूर खां स्थित शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में शुक्रवार को जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म-तप कल्याणक महोत्सव मनाया गया। सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने 48 दीप प्रज्वलित किए और भक्तामर स्तोत्र का सामूहिक पाठ किया।
दीपों की मनोहर पंक्तियाें से परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा। समाज की महिला-पुरुषों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की। श्रद्धालुओं ने बताया कि यह जैन धर्म का महत्वपूर्ण पुण्यदायी पर्व है। इस अवसर पर सुख-समृद्धि, मंगलमय जीवन तथा विश्व शांति की प्रार्थना की गई। नरेश जैन, राकेश जैन पार्षद, सुभाष जैन, वीरेंद्र जैन, रविंद्र जैन, प्रमोद जैन, सुनील जैन और अशोक जैन आदि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।