वरुणावतार भगवान झूलेलाल की जयंती पर शुक्रवार की शाम को घटिया स्थित ताज प्रेस क्लब से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकियां और बैंडबाजों पर धार्मिक गीतों की धुनें बज रही थीं। उल्लास में डूबे सिंधी समाज के लोग आयो लाल..झूलेलाल के जयघोष करते हुए चल रहे थे। इस मौके पर सिंधी बाजार, गुड़ की मंडी और घटिया आजम खां में आकर्षक सजावट की गई थी। ऊंटों पर ढोल नगाड़ों के साथ सिंधी समाज के पदाधिकारी सबसे आगे चल रहे थे।
मुख्य अतिथि खेलकूद मंत्री रामसकल गुर्जर ने शोभायात्रा का उद्घाटन किया। सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष जीवतराम करीरा तथा मेला कमेटी के संरक्षक घनश्यामदास देवनानी, मेला संयोजक चंद्रप्रकाश सोनी ने अतिथियों का स्वागत किया। अन्य अतिथियों में विधायक योगेंद्र उपाध्याय व जगन प्रसाद गर्ग, सपा नेता राजपाल यादव, शहर अध्यक्ष रईसुद्दीन कुरैशी ने झूलेलाल जी की आरती उतारी। शोभायात्रा में भगवान गणेश, श्रीकृष्ण, राम दरबार की झांकी, कृष्ण के महारास की झांकी, वैष्णो देवी की गुफा, शिव परिवार, खाटू श्याम जी, श्रीकृष्ण गौशाला की ओर से संतों की झांकी, मन:कामेश्वरनाथ की झांकियां मन मोह रही थीं।
झांकियों के साथ 15 बैंड चल रहे थे। शास्त्रीपुरम की महिला मंडली डांडिया नृत्य करते हुए चल रही थी। अंत में 32 बहराणा ज्योतियों का रथ और भगवान झूलेलाल के रथ शामिल थे। इस मौके पर झूलेलाल मेला कमेटी के पदाधिकारियों में गागनदास रामानी, सूर्य प्रकाश मदनानी, हेमंत भोजवानी, श्याम भोजवानी, सुनील कर्मचंदानी, परमानंद आतवानी, मेघराज दियालानी, शंकरलाल हिंदवानी, जगदीश जुम्मानी, नंदलाल अयलानी, अशोक गोकानी, पुनीत कालरा, लाल एम सोनी, जगदीश डोडानी का स्वागत किया गया। हाथीघाट से बहराणा ज्योति का रथ बल्केश्वर स्थित सिंधु नगरी में पहुंचा। सिंधु नगरी में विधिवत पूजा अर्चना के बाद ज्योतियां का यमुना में विसर्जन किया गया। सिंधु नगरी में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
दुल्हन की तरह सजाया सिंधी बाजार
सिंधी बाजार पुरुषार्थी संघ की ओर से सिंधी बाजार को दुल्हन की तरह सजाया गया था। यहां झूलेलाल समिति के पदाधिकारियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया। फुव्वारा पर सिंधी मेडिकल एसोसिएशन की ओर से पुनीत कालरा, सुंदरलाल चेतवानी ने स्वागत किया। इसी तरह दरेसी, गुड़ की मंडी समेत कई स्थानों पर स्वागत किया गया। शोभायात्रा पीर कल्याणी, छिलीईंट घटिया, फुलट्टी चौराहा, गुड़ की मंडी, सिंधी बाजार, फुव्वारा चौराहा, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, चिम्मन चौराहा, दरेसी नंबर एक, दो और तीन होते हुए हाथी घाट पहुंची। चारसू दरवाजा पर घटिया सिंधी पंचायत की ओर से शोभायात्रा का स्वागत हुआ।
मुस्तैद रहा सुरक्षा दस्ता
जयप्रकाश केसवानी के नेतृत्व में शोभायात्रा का संचालन करने के लिए 200 युवाओं का दस्ता चल रहा था। सभी जवान वाकी टाकी से लैस थे।
सांई अजे दर ते कोई...
आओ लाल झूले लाल..., सांई अजे दर ते कोई भागन वारो अचे.... जैसे भजनों से मंदिर परिसर गूंज गया। गायक नरेंदर की जोरदार प्रस्तुति से भक्त झूमने लगे। मौका रहा श्री कृष्ण गोशाला, न्यू शाहंगज में आयोजित भगवान झूलेलाल जयंती कार्यक्रम का। यहां बहराणा साहिब की पहली पावन ज्योत जगाई गई। जितेंद्र त्रिलोकानी ने बहराणा साहिब को शीश पर धारण किया। भजन-कीर्तन के साथ डांडिया भी खेला गया। सबसे आकर्षण का केंद्र फूल बंगला रहा। पंडित पप्पू ने पूजा-अर्चना करवाई। कार्यक्रम में गोशाला अध्यक्ष गिरधारी लाल भगत्यानी, श्याम भोजवानी, सुनील कर्मचंदानी, हरीश टहल्यानी, गिरधारी लाल कोडवानी, अर्जुन दास आदि रहे।
काला महल से निकली भव्य शोभायात्रा
हिंदू जल जल सेव मंडली की ओर से काला महल पर हुए आयोजन में मंदिर की भव्य सजावट की गई। यहां से अखंड ज्योत का नगर भ्रमण कराया गया। दोपहर बाद यहां भव्य झांकी निकाली गई। आयोजन में सेंट्रल सिंधी पंचायत के सूर्यप्रकाश, मेघराज दियालानी, बंटी, प्रदीप कुमार, हासानंद दियालानी, राजकुमार गुरनानी, बीडी दासवानी, नंदलाल, अमर हरजानी आदि रहे।
मीठे दूध किया वितरण
आगरा। फुब्बारा में दवा व्यापारियों ने भगवान झूलेलाल जयंती पर मीठे दूध और प्रसाद का वितरण किया। उद्घाटन सीओ मनीषा सिंह ने किया। कार्यक्रम में पुनीत कालरा, सुंदरलाल चेतवानी, नरेंद्र पंजवानी, महेश नारायणी, राजेश अमरनानी, ओमप्रकाश आदि रहे। सिंधी युवा मंच शाहगंज ने रुई की मंडी चौराहेे की भव्य सजावट की। भजन-कीर्तन के साथ भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। हेमंत भोजवानी, कन्हैयालाल सोनी, जयप्रकाश, नरेश लखवानी आदि रहे।