उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में सनसनीखेज हत्या की वारदात हुई है। कोतवाली क्षेत्र के गांव लल्लूपुरा में बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) उम्मीदवार की हत्या कर दी गई है। गुरुवार की सुबह एक खेत में उनका शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विज्ञापन
अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव लल्लूपुरा निवासी राकेश कुमार (उम्र 60) बीडीसी उम्मीदवार थे। वह बुधवार शाम को वोट मांगने गए थे। गुरुवार की सुबह उनकी शव एक खेत में पड़ा मिला। चाकू से गोदकर उनकी हत्या की गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की। डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।
पंचायत चुनाव से पहले बीडीसी उम्मीदवार की हत्या क्यों और किसने की है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। बता दें कि मैनपुरी जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दूसरे चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान से पहले एक उम्मीदवार की हत्या होने से इलाके में दहशत का माहौल है।