Barsana Holi 2024 : बरसाना में लड्डू होली खेली गई। इस होली में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। खास बात ये है कि इस बार बरसाना में बने लड्डू से ही होली खेली गई।
तीर्थनगरी मथुरा के बरसाना में रविवार को लड्डू होली का आयोजन किया गया। इसका देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। इस बार बरसाना में तैयार लड्डू ही लुटाए गए। भक्तों को किसी प्रकार से फूड पॉइजनिंग आदि की समस्या का ध्यान रखते हुए यह कदम उठाया गया है। बाहर से लाए गए लड्डुओं को लाड़लीजी मंदिर में नहीं लुटाया गया।
विज्ञापन
विश्वविख्यात लठामार होली की पूर्व संध्या पर लाड़लीजी मंदिर में लड्डू होली मनाई गई। इसको देखने के लिए लाखों श्रद्धालु बरसाना पहुंचे। लड्डू होली को लड्डू प्रसाद के रूप में पांडे द्वारा कई टन लड्डू लुटाए गए। लड्डू प्रसाद को पाने के लिए श्रद्धालुओं ने जमकर इन्हें लूटा।
लड्डू प्रसाद खाने से श्रद्धालु फूड पॉइजनिंग के शिकार न हों इसके लिए एसडीएम गोवर्धन नीलम श्रीवस्तव ने मंदिर समिति के सदस्य प्रवीण गोस्वामी से बाहरी लड्डू प्रसाद को रोकने की सहमति मांगी। इस पर मंदिर रिसीवर ने भी ऐसी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एसडीएम को अपनी सहमति दी। इससे पहले एसडीएम ने कस्बे की चुनिंदा दुकानों से ही लड्डू लाने की अपील भी श्रद्धालुओं से की थी।