पुरानी मंडी बैरियर से आगे खाने पीने के ऑटो नहीं आने दिए जा रहे। पुलिस बैरियर लगाकर ताजगंज के लोगों को भी अंदर नहीं आने दे रही है। बैठक में राजेश सोनकर, जितेंद्र बोहरा, राजेश अग्रवाल, देवेंद्र सिंह, अमित शिवहरे, ब्रजेश गुप्ता, ताहिरउद्दीन ताहिर आदि मौजूद रहे। संचालन इब्राहिम जैदी ने किया।
सपा ने दिया समर्थन, कपिल सिब्बल से पैरवी कराएंगे
ताजगंज दक्षिणी गेट के चौक कागजियान में लोगों की सभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन पहुंचे और उन्होंने ताजगंज के लोगों को समर्थन दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात करेंगे और मांग करेंगे कि ताजगंज के लेागों की पैरवी वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल से कराई जाए।
अफसरों को जगाना चाहिए विश्वास
ताजगंज डेवलपमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष नितिन सिंह ने कहा कि जिस तरह से एडीए और प्रशासन 500 मीटर परिधि में बंदिशें थोप रहा है, उससे लोगों में आक्रोश फैल रहा है। हमारे खाने पीने की चीजें, दवाएं रोकी जा रही हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को विश्वास जगाना चाहिए।
रसद और दवाएं तक रोकना गलत
ताजगंज निवासी आरिफ तैमूरी ने कहा कि एडीए और प्रशासन लोगों को उकसाने की कार्रवाई कर रहा है। अभी हजारों लोग शांत हैं, पर जिस तरह हमारी रसद और दवाओं को रोका जा रहा है, यह गलत है। बच्चों के लिए दूध, सब्जी, आटा, दाल और खाने पीने की चीजों को ताजगंज में आने दे।
करोड़ों रुपये का होगा नुकसान
दिवाली के लिए ताजगंज के व्यापारियों ने कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, फुटवियर, इलेक्ट्रिकल, सजावट आदि की चीजों का स्टॉक मंगवा लिया था, ताकि दो साल बाद दिवाली पर अच्छा कारोबार हो सके, पर व्यापारियों को दिवाली से सप्ताह भर पहले उजाड़ा जा रहा है।
17 अक्तूबर तक कारोबार बंद करने का नोटिस लगा दिया गया है। ताजगंज के व्यापारी सुल्तान ने बताया कि दो साल बाद घाटे से उबरने के लिए इस दिवाली की बिक्री का इंतजार था, पर एडीए के नोटिस ने रातों की नींद उड़ा दी है। करोड़ों रुपये का नुकसान ताजगंज के व्यापारियों को होने वाला है।