तीर्थनगरी वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सेवायतों ने रविवार को एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर दी। घटना परिक्रमा मार्ग पर हुई, जब सिपाही श्रीबांकेबिहारी चौकी से अपने कपड़े लेकर लौट रहा था। सिपाही की तहरीर पर बांकेबिहारी मंदिर के पांच सेवायतों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए एक को गिरफ्तार किया गया है।
थाना रिफाइनरी में तैनात सिपाही होराम सिंह बिहारीजी चौकी पर रखे बक्से से कपड़े निकालने के बाद लौट रहा था। परिक्रमा मार्ग पर नामजद सेवायतों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज और मारपीट कर दी। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इन नामजदों में से राजेश उर्फ राकेश निवासी पत्थरपुरा तांगा स्टैंड को गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाल शशिप्रकाश शर्मा ने बताया कि सिपाही से मारपीट में नैन गोस्वामी निवासी बिहारीजी मंदिर गेट 2 के सामने, राजेश उर्फ राकेश निवासी पत्थरपुरा तांगा स्टैंड, मोंटू उर्फ शोभित गोस्वामी निवासी पुरोहित पाड़ा बिहारीपुरा, खोनी गोस्वामी निवासी पुरोहित पाड़ा बिहारीपुरा और गजेंद्र को नामजद किया गया। इनमें से एक पकड़ लिया है। जल्द ही चारों आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। ये सभी बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत हैं।