मथुरा। कोसीकलां में बैंक मित्र के साथ हुई लूट की घटना के खुलासे की जानकारी देते एसपी ग्रामीण श्री
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। चार दिन पूर्व बैंक मित्र से हुई 3.60 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बैंक मित्र ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट होने का ड्रामा रचा और पुलिस को झूठी सूचना दी। यह सब उसने इसलिए किया ताकि उसे ग्रामीणों का कर्ज न चुकाना पड़े। पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये, बाइक व मशीन बरामद कर ली है। पुलिस ने बैंक मित्र व उसके साथी को भेज भेज दिया है।
गांव नगरिया सात विसा निवासी मदन गोपाल सिंडीकेट बैंक में बैंक मित्र है। 26 मई की शाम को वह बैंक से कैश लेकर गांव लौट रहा था। तभी पुलिस को सूचना दी कि उसे नगरिया दस विसा के पास चार हथियार बंद बदमाशों ने लूट लिया है। बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण श्रीश चंद ने बताया कि बैंक मित्र ने ही लूट की कहानी गढ़ी थी और अपने साथी गांव के सुमित के साथ मिलकर इसे अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि मदन गोपाल पर कई ग्रामीणों का कर्ज था। कर्ज न चुकाना न पड़े, इसलिए उसने यह नाटक रचा। जब वह बैंक शाखा से लौट रहा था, तब उसने साथी सुमित को बुलाकर रुपयों से भरा बैग दे दिया और पुलिस को लूट की झूठी सूचना दे दी। एसपी ग्रामीण ने बताया कि शुरू से ही मदन पर शक था। पूछताछ की गई तो उसने सच उगल दिया। इसके बाद उसकी निशानदेही से मशीन, बैग व डेढ़ लाख रुपये बरामद कर लिए।
पुलिस टीमों ने लूट की घटना का खुलासा कर दिया है। बैंक मित्र ने साथी के साथ मिलकर यह झूठा नाटक रचा था। दोनों को पकड़कर जेल भेज दिया है।
- डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी