जांच में पता चला कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक ऐश्वर्य कुमार ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए अन्य स्टाफ के पासवर्ड प्राप्त करके फर्जी तरीके से ये खाते खोले। इन खातों में करीब 44 लाख रुपये जमा कराए।
आगरा के अछनेरा में गांव कीठम पर इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में तैनात बैंक प्रबंधक ने फर्जी खाते खोलकर करीब 44 लाख रुपये का गबन कर लिया। स्थानांतरण के बाद मामला सामने आने पर जांच कराई गई। विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद मौजूदा शाखा प्रबंधक पंकज चौहान ने थाना अछनेरा में केस दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
अछनेरा क्षेत्र के गांव कीठम स्थित बैंक शाखा के प्रबंधक पंकज चौहान के दर्ज कराए केस के मुताबिक 15 मई 2024 से अप्रैल 2025 तक ऐश्वर्य कुमार कीठम शाखा में मैनेजर रहे हैं। उनका ट्रांसफर होने के बाद वह शाखा प्रबंधक नियुक्त किए गए। बैंक में दस्तावेज जांच के दौरान ओम प्रकाश, अनिल प्रसाद, पूरन सिंह, सुमन कुमारी, भारती राजपूत के खातों में दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले।
जांच में पता चला कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक ऐश्वर्य कुमार ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए अन्य स्टाफ के पासवर्ड प्राप्त करके फर्जी तरीके से ये खाते खोले, जिसमें करीब 43 लाख 96 हजार 923 रुपये तीन बचत खातों में जमा कराए। इन बचत खातों से धनराशि पत्नी शालिनी अहिरवार के इंडियन ओवरसीज बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। पत्नी के खाते से अपने बैंक ऑफ बड़ौदा के बचत खाते में जमा की गई। थाना प्रभारी अछनेरा ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।