शहर के कृष्णा टाकीज स्थित बंद बैंक ऑफ इंडिया
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। बैंक ऑफ इंडिया की देशव्यापी हड़ताल के चलते जिले में सोमवार को बैंक ऑफ इंडिया की 17 शाखाएं बंद रहीं। खातों से लेनदेन करने बैंक पहुंचे ग्राहकों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
बैंक यूनियन के आह्वान पर वेतन, पदोन्नति, परिलाभ आदि मुद्दों पर कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। पांच अक्तूबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया था। इसके तहत सोमवार को जिले में बैंक ऑफ इंडिया की 17 शाखाओं में सुबह से ही ताले बंद रहे। खातों से लेनदेन करने के लिए जब ग्राहक बैंक पहुंचे तो उन्हें मायूस होना पड़ा।
कई जगह बैंकों के ताले तो बंद कर दिए गए, लेकिन नोटिस बोर्ड पर कोई सूचना दर्ज नहीं की गई। इससे ग्राहकों को यह जानकारी नहीं हो सकी। बैंक आखिर बंद क्यों हैं। बैंकों के बाहर मौजूद पुलिसकर्मी भी ग्राहकों को कोई सही जानकारी नहीं दे सके।
तीन शाखाओं में हुआ काम
जिले में बैंक ऑफ इंडिया की 20 शाखाएं संचालित हैं। 17 शाखाओं में ऑल इंडिया बैंक एसोसिएशन के सदस्य होने के चलते इन शाखाओं में कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। वहीं तीन बैंक शाखा करीमगंज, कुरावली और रेलवे रोड में कर्मचारी एनसीबी के सदस्य है। इस कारण इन शाखाओं में कामकाज हुआ।
50 करोड़ का लेनदेन हुआ प्रभावित
बैंक ऑफ इंडिया चेस्ट ब्रांच भी है। जिले की 17 शाखाओं में सोमवार को काम नहीं होने से लगभग 50 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ है। इसमें क्लीयरिंग भी शामिल है। हड़ताल का कारण लिपिकीय संवर्ग और अधिकारी संवर्ग के बीच कुछ बिंदुओं को लेकर टकराव चल रहा है। आलोक राज, एआईबीए आगरा जोन अध्यक्ष