आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मीट से भरी लोडर को रोक लिया। सूचना देने पर पुलिस लोडर को थाने लेकर आई। सीओ छत्ता भी पहुंच गए। बाद में लोडर को छोड़ दिया गया। इससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली की एक फर्म से मीट लेकर जा रहे मंटोला जा रहे लोडर को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बेलनगंज के पास रोक लिया। पुलिस ने पहुंचकर चालक से पूछताछ की। उसने फोन कर व्यापारी को बुलवाया। आधे घंटे बाद एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय भी थाने पर पहुंचे और वाहन को छोड़ दिया गया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के बृज प्रांत अध्यक्ष रौनक ठाकुर का कहना है कि मीट अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। एसीपी छत्ता ने बताया कि वाहन के कागजात पूरे थे। मीट की बिलिंग भी थी। बिलों का मिलान किया गया। इसमें कोई भी अवैध नहीं पाया गया। नगर निगम की टीम को बुलाया गया, लेकिन टीम नहीं आई। इस पर वाहन को छोड़ दिया गया है।