कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के गांव नगला लाले में पर्यावरण बचाने के लिए अनूठी पहल शुरू की गई है। यहां जरूरतमंदों को बेटी की शादी के लिए बरात घर निशुल्क मिलेगा, बशर्ते उन्हें 11 पौधे लगाने होंगे। इस बरात घर का शुभारंभ बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने फीता काटकर किया।
राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने कहा कि बरातघर के संचालक बागीश उपाध्याय एवं सूर्यांश की अनूठी पहल लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने भी बरातघर को पर्यावरण प्रेम की मिसाल बताया। कहा कि यह व्यवस्था अन्य लोगों को भी प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करेगी। बागीश उपाध्याय ने बरातघर के सेवाकार्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान गांव के सात बुजुर्गों को राज्य महिला आयोग की सदस्य व भाजपा जिलाध्यक्ष ने सम्मानित किया। आयोजक बागीश उपाध्याय व सूर्यांश ने सभी अतिथियों को बुके व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।