सुहाग नगरी में नागरिकता कानून (सीएए) का विरोध थम नहीं रही है। बहुजन क्रांति मोर्चा ने बुधवार को बंद का एलान किया था। बंद का असर सिर्फ इमामबाडा से लेकर नालबंद क्षेत्र तक दिखाई दिया। मुस्लिम बाजारों में सुबह से दुकानें बंद रहीं।
विज्ञापन
अन्य बाजारों में बंद का असर नहीं दिखा। प्रतिष्ठानों के बाहर लोगों ने सीएए और एनआरसी के विरोध में पोस्टर लगा दिए थे। विरोध को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात रही। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में खास चौकसी बरती गई।
बहुजन क्रांति मोर्चा की ओर से 29 जनवरी को भारत बंद का आह्वान किया था। टूंडला के लाइनपार क्षेत्र के कई गांवों में पोस्टर लगाए गए थे। मंगलवार को ही पुलिस प्रशासन ने इन पोस्टरों को हटवा दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंगलवार की शाम को पुलिस फोर्स ने शहर में फ्लैगमार्च किया था।
विज्ञापन
भारत बंद
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को सुबह से मुस्लिम बहुल बाजार में दुकानें नहीं खुली। रसूलपुर, उर्वर्शी चौराहा,राजपूताना क्षेत्र में नो एनआरसी, सीएए, एनपीआर, संविधान बचाओ, देश बचाओ के पोस्टरों को दीवारों पर चस्पा कर दिया था। बुधवार को दस बजे के बाद इमामबाड़ा चौराहे से लेकर रसूलपुर थाने तक मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र की दुकानें नहीं खुली थीं।
पुलिस की टीमों ने दोपहर नमाज के दौरान पुलिस फोर्स को मस्जिदों के ही आसपास बढ़ा दिया था। मुस्लिम समाज के भी प्रबुद्ध वर्ग के लोग पुलिस फोर्स के साथ व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे थे।
इन क्षेत्रों में खुला रहा बाजार
शहर के जाटवपुरी चौराहा से हाजीपुरा की ओर जाने वाले मार्ग, नैनी ग्लास से जाटवपुरी तक, जाटवपुरी से रामगढ़ थाने की ओर, शीतल खां रोड, साठ फुटा रोड, नगला बरी से जाटव पुरी रोड, नई बस्ती क्षेत्र, इमामबाड़ा चौराहे से लेकर सदर बाजार सहित अन्य क्षेत्रों के बाजार खुले रहे।
प्रमुख चौराहों पर अफसरों ने संभाली कमान
एसएसपी सचिंद्र पटेल थाना रसूलपुर पर मौजूद रहे। वहीं एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखे हुए थे। एसडीएम सदर राजेश वर्मा, सीओ सदर जाटवपुरी चौराहा, एसओ पचोखरा संजय सिंह के साथ एसडीएम पुलिस बल के साथ उर्वशी चौराहे पर तो सीओ सिटी डा.अरुणकुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह फोर्स के साथ नालबंद चौराहे पर डेरा डाले हुए थे।
उप निरीक्षक सामून अली,मोहम्मद उमर फारुक के साथ एसएचओ फरिहा सुनील कुमार सिंह,नगला सिंघी,एका,बसई मोहम्मदपुर,मटसेना के ही साथ ग्रामीण क्षेत्र के थानेदारों को तैनात किया था।
सोशल मीडिया पर चले मैसेज के आधार पर इमामबाड़ा से नालबंद क्षेत्र का बाजार बंद रखा। पुलिस फोर्स अलर्ट पर रहा। ताकि शहर की कानून व्यवस्था की स्थित खराब नहीं होने पाए। किसी प्रकार का कोई ज्ञापन आदि नहीं दिया गया है। प्रबल प्रताप सिंह - एसपी सिटी फिरोजाबाद।