बाह कस्बे के गली कल्याण सागर में बुधवार को जूता कारोबारी उमेश पैंगोरिया के घर में पत्नी कुसुमा देवी (60) और बेटी सविता गुप्ता (40) की हत्या और लूट का 48 घंटे बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। वहीं घर में प्लाट के बैनामे के बाद रखे 27 लाख रुपये पलंग और अलमारी में रखे मिल गए। इससे गुत्थी और भी उलझ गई है। इससे लग रहा है कि बदमाश हत्या करने ही आए थे। वहीं पुलिस ने दस लोगों से पूछताछ की है।
बाह के गली कल्याण सागर में बुधवार रात जूता कारोबारी उमेश पैंगोरिया के घर में छत के रास्ते से कुंडी खोलकर पांच बदमाश घुसे थे। बेड पर सो रही कुसुमा देवी, सविता गुप्ता के बदमाशों ने हाथ पैर बांध दिए थे। विरोध करने पर मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। इस दौरान जागे सविता के बेटे अनुज गुप्ता ने एक बदमाश पर सरिया से प्रहार किया तो उसकी भी पिटाई कर दी थी। इसके बाद अलमारी और बेड के नीचे रखी रकम और जेवर लूट ले गए थे।
पुलिस ने कारोबारी उमेश पैंगोरिया के बडे़ बेटे दीपक, बहू कल्पना, अंबाह के रहने वाले तलाकशुदा दामाद गौरव, धेवते उदित, अनुज और ड्राइवर समेत दस लोगों से पूछताछ की है। पुलिस दो दिन में चश्मदीद अनुज से सात बार पूछताछ कर चुकी है। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
शनिवार को कारोबारी उमेश पैंगोरिया ने पुलिस को लूटी गई रकम और जेवरात की सूची भी दी। इसमें 10 लाख रुपये, 15 तोले सोने के गहने, आधा किलोग्राम चांदी के गहने लूटने की बात कही है। सीओ बाह रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं से वारदात की छानबीन की जा रही है। कारोबारी उमेश पैंगोरिया को जरार में प्लॉट बेचने से प्राप्त हुई 27 लाख की रकम अलमारी और बेड की छानबीन के बाद मिल गई है। कारोबारी ने पहले पुलिस को यह रकम भी लूटे जाने की जानकारी दी थी।
पीड़ित परिवार से मिले सांसद राजकुमार चाहर
शुक्रवार देर शाम भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर बाह पहुंचे और कारोबारी उमेश पैंगोरिया से लूट और हत्या की जानकारी ली। परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वारदात के खुलासे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके साथ जिलामंत्री मानवेन्द्र सिंह राठौड, चेयरमैन सुनीलबाबू गुप्ता, श्याम शर्मा, निखिल गुप्ता, उपेंद्र भदौरिया, रविंद्र भदौरिया, विष्णु गुप्ता, सोनू सेंथिया, आकाश गुप्ता, विनोद सिंह प्रधान, राजीव सविता, सनी बरुआ, स्वदेश सक्सेना, विक्की महेरे, गौरव गुप्ता, अनुराग शर्मा, हरी मोहन शर्मा आदि मौजूद रहे।