एटा जिले के जलेसर में बड़े मियां की दरगाह से जुड़े लोगों ने सरकारी जमीन पर पूरी बस्ती बसा दी। अब यहां बनाए गए मकानों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है। बीते दिन नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीमों ने मोहल्ला सादात और मोहल्ला किला में पैमाइश की, जो करीब छह घंटे तक चली। इस दौरान 110 मकान स्वामियों को नोटिस दिए गए। इसमें बिना अनुमति निर्माण करवाए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा दरगाह कमेटी से जुड़े लोगों की घरों की भी पैमाइश की गई।
नगर के मोहल्ला किला व मोहल्ला सादात में पूर्व दरगाह कमेटी के सदस्यों द्वारा करीब पांच एकड़ जमीन की प्लॉटिंग कर 100 बैनामे किए गए। यह पूरी जमीन सरकार की बताई जा रही है। एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री के आदेश पर कमेटी से जुड़े लोगों द्वारा पिछले वर्षों में किए गए बैनामों की जांच कराई गई थी। इसमें यह पूरा चिट्ठा सामने आया है। अकबर, आदिल, अजमी आदि द्वारा पालिका की पांच एकड़ से अधिक जमीन के बैनामे किए जाने की बात जांच में पाई गई है। सोमवार को नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम इन मोहल्लों में पहुंची।
संयुक्त टीम ने करीब छह घंटे तक पैमाइश की। मोहल्ला सादात में 70 और मोहल्ला किला में 40 मकान स्वामियों को नोटिस थमाए गए। सात दिन के अंदर मकानों के बैनामा व मानचित्र सहित जवाब पालिका कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। सात दिन बाद इन मकानों को ढहा दिया जाएगा। इसका हर्जा-खर्चा भी मकान स्वामियों से वसूला जाएगा। इस दौरान अतर सिंह लेखपाल, सतेंद्र जादौन सभासद, विजय गिरी सभासद, सत्यपाल सिंह, रूपकिशोर, रिंकू, वकील अख्तर आदि लोग मौजूद थे। ईओ लोकेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग इस संपत्ति की जांच कर रहा है। मकान निर्माण के समय नक्शे की अनुमति नहीं ली गई।
इन मोहल्लों में भी होगी पैमाइश
प्रशासन द्वारा कराई जा रही दरगाह के पूर्व कमेटी सदस्यों की संपत्ति सहित किए गए बैनामा की जांच में दूसरे दिन मंगलवार को भी पैमाइश चलेगी। जिसमें मोहल्ला नई बस्ती, ठगेलान, गढ़ी मानखान, मोहल्ला हथोड़ा में पैमाइश कराई जाएगी।
कराई जा रही जांच
एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि पूर्व कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जा किए जाने की जांच कराई जा रही है। जो भी अवैध निर्माण पाए जाएंगे, उन्हें हटवाकर जमीन कब्जा मुक्त कराई जाएगी।