डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाओं का परिणाम जारी नहीं होने की वजह से प्रदेशभर में बीएड की काउंसलिंग नहीं हो पा रही है। इस वजह से विश्वविद्यालय प्रशासन स्नातक स्तर अंतिम वर्ष की सभी परीक्षाओं के परिणाम 14-15 सितंबर तक जारी करने की तैयारी में है।
विश्वविद्यालय की ओर से बीकॉम अंतिम वर्ष का परिणाम जारी कर दिया गया है। अब बीए और बीएससी अंतिम वर्ष का परिणाम जारी होना है। कुलपति प्रो. आशु रानी का कहना है कि बीएससी अंतिम वर्ष का परिणाम लगभग तैयार है। इसको पहले जारी किया जाएगा। इसके बाद बीए का परिणाम दिया जाएगा। इस दिशा में काम तेजी से चल रहा है। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में कॉलेजों ने आंतरिक परीक्षा अंक उपलब्ध नहीं कराए थे, इससे परीक्षा परिणाम में देरी हुई। 8 सितंबर तक सभी कॉलेजों को आंतरिक अंक उपलब्ध कराने के लिए समय दिया गया है। अभी भी कई कॉलेजों ने अंक दिए नहीं हैं। जिन कॉलेजों ने अंक नहीं उपलब्ध कराए हैं, उनको छोड़कर बाकी कॉलेजों के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।
एजेंसी देर से मिलने से परीक्षा में हुई देरी
विश्वविद्यालय को एजेंसी देरी से मिलने से स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की मुख्य परीक्षाएं कराने में देरी हुई। नई एजेंसी आने के बाद परीक्षा फार्म भरे जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इस वजह से 12 जुलाई से मुख्य परीक्षाएं शुरू हो पाईं। परीक्षा के साथ ही कॉपियों का मूल्यांकन शुरू करा दिया गया।
परीक्षा बाद में परिणाम पहले
स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की मुख्य परीक्षाएं सेमेस्टर परीक्षाएं खत्म होने के करीब एक माह बाद शुरू हुईं। इसके बाद भी इनका परिणाम पहले दिया जा रहा है। वजह बीएड की काउंसलिंग का लटका होना है। मुख्य परीक्षाओं के परिणाम को प्राथमिकता पर रखा गया। 15 जून को सेमेस्टर परीक्षाएं समाप्त हुईं। एक भी पाठ्यक्रम का परिणाम अभी जारी नहीं हुआ है।
सेंट जोंस कॉलेज में एमकॉम की मौखिक परीक्षा आज
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध सेंट जोंस कॉलेज में एमकॉम अंतिम वर्ष के एकाउंट एंड लॉ विषय के छात्र-छात्राओं की मौखिक परीक्षा 11 सितंबर को होगी। प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह के मुताबिक छात्र-छात्राओं को सुबह 9 बजे संबंधित विभाग में पहुंचना है। इस बात का विशेष ध्यान रखना है कि सभी को कॉलेज के यूनिफार्म में ही पहुंचना है। वाणिज्य संकाय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रचिता शर्मा के मुताबिक छात्र-छात्राओं को अपने साथ प्रवेशपत्र और पूर्व वर्ष की मार्कशीट भी ले जाना है।