ओवर स्पीड से बचें, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें
- डीएम ने सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने सुदिति ग्लोबल एकेडमी में बुधवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े अभियान का शुभारंभ किया। कहा कि ओवर स्पीड और मोबाइल के प्रयोग से ही दुर्घटनाएं होती हैं। इनको रोकने के लिए जिले भर में जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि छात्र जीवन जिंदगी का सबसे अच्छा समय होता है। समय का सदुपयोग कर जीवन की आधारशिला रख सकते हैं। आज दुनिया तेजी से आगे बढ़ रही है। हर चीज में प्रगति हो रही है। विवेक का साथ कभी न छोड़ें। उत्साह को हावी न होने दें। वाहन चलाते समय विवेक से कार्य लें। यातायात नियमों की अनदेखी न करें। ओवर स्पीड से बचें। स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, विद्यालय के प्रबंध निदेशक राममोहन, कुसुम मोहन, लव मोहन, अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण एके अरुण मौजूद रहे।