आगरा। गाजियाबाद में तैनात रोडवेज बुकिंग क्लर्क को ऑटो गैंग ने लूट लिया। उन्हें किराया तय कर बिठाया और बहाने से सुनसान क्षेत्र में ले जाकर चाकू दिखाकर मोबाइल और नकदी लूट ली। पीड़ित ने थाना शाहगंज पुलिस से शिकायत की है।
कागारौल के बड़ा चौक निवासी प्रदीप सोलंकी गाजियाबाद में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में बुकिंग क्लर्क हैं। वह हर शनिवार घर आते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को वह गाजियाबाद से आगरा के लिए बस से निकले थे। रात 12 बजे ईदगाह बस स्टैंड पर उतरे। खेरिया मोड़ से ऑटो बुक किया। ऑटो में पहले से दो युवक सवारी बनकर बैठे थे। किराया तय कर ऑटो चालक ने उन्हें बिठाया। बाद में बहाने से सोहल्ला की ओर ले जाकर रेलवे क्राॅसिंग के पास लूट लिया। बहुत गुहार लगाने पर उन्हें सिम आरोपियों ने दे दिया। उन्होंने रविवार सुबह थाना शाहगंज की सराय ख्वाजा चौकी पर पहुंचकर तहरीर दी। एसीपी लोहामंडी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना सदर को सूचना दी गई है। आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।