ऑटो चालकों के बारे में यदि सोच अच्छी नहीं है, तो सतेंद्र के बारे में जरूर जानना चाहिए। ऑटो चालक सतेंद्र ने आठ लाख के जेवर से भरा बैग पुलिस से संपर्क कर महिला यात्री को लौटाया। उसकी ईमानदारी ने सभी को हैरान कर दिया।
शिकोहाबाद से एत्मादपुर आ रही महिला का गहनों से भरा बैग ऑटो में छूट गया था। ऑटो चालक ने ईमानदारी दिखाते हुए पुलिस से संपर्क कर महिला को गहनों से भरा बैग लौटाया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक एत्मादपुर के गांव गिरवर की शालू पत्नी सतेंद्र मायके शिकोहाबाद रिश्तेदार की शादी में गई थी। शनिवार को घर लौटते समय तहसील चौराहे पर ऑटो में से उतरी। अपने दो बैग और थैला उतार लिया, लेकिन गहनों से भरा बैग छूट गया। इस पर उन्होंने पुलिस को बैग लूट की सूचना दे दी।
पुलिस ने चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए। तो मामला ऑटो में बैग छूटने के निकला। महिला ने बैग में आठ लाख रुपये के गहने होने की बात बताई थी। पुलिस ऑटो चालक की खोजबीन में जुटी। वहीं ऑटो चालक शमसाबाद के बास महुआ निवासी सतेंद्र कुशवाह को बैग मिला तो उसने पुलिस से संपर्क कर महिला के बैग छूटने की बात बताई। इंस्पेक्टर ने बताया कि रविवार दोपहर को ऑटो चालक को बुलाकर महिला व उसके परिजन को गहनों से भरा बैग वापस करा दिया।