ट्रांस यमुना पुलिस ने एक ऑटो चालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.772 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका साला गांजा उपलब्ध कराता था और वह ऑटो से शहर के अलग-अलग इलाकों में इसकी सप्लाई करता था।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 1.772 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त ऑटो बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साले का नाम भी बताया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बुधवार को झरना नाले से शाहदरा चुंगी की ओर जाने वाले सर्विस सड़क पर हाईवे कट के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फिरोजाबाद की ओर से एक व्यक्ति ऑटो में गांजा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चालक ने ऑटो में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली। सहायक पुलिस आयुक्त छत्ता की मौजूदगी में तलाशी लेने पर ऑटो से 1.772 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अली हसन निवासी इस्लाम नगर, टेढ़ी बगिया, थाना ट्रांस यमुना के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांस यमुना में एनडीपीएस एक्ट की धारा तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका साला इरशाद कहीं से गांजा लाकर उसे देता था और वह ऑटो के जरिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था। पुलिस फरार इरशाद की तलाश में जुटी है।