मैनपुरी। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सेवा के लिए प्लान बनाया जा रहा है। परिवहन विभाग करहल, बेवर, भोगांव में ऑटो केंद्र निर्माण के लिए योजना तैयार कर रहा है। संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में प्रस्ताव पास होने पर तीनों स्थानों में बेहतर परिवहन सेवा के साथ ही लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
एआरटीओ शिवम यादव ने बताया कि अभी तक मैनपुरी ऑटो केंद्र ही है और यहां 1000 के करीब परमिट हैं। बेवर, करहल और भोगांव, कुरावली जैसे बड़े कस्बाें भी हैं। इस केंद्र के ऑटो चालक 16 किमी की परिधि में ही ऑटो का संचालन कर सकते हैं। जबकि करहल की दूरी 25 किमी, बेवर की दूरी भी 20 किमी से अधिक और कुरावली की दूरी 25 किलोमीटर से अधिक है। ऐसे में इन बड़े कस्बों में भी ऑटो संचालित कराने के लिए ऑटो केंद्र बनाए जाने का प्लान तैयार किया जा रहा है।