आगरा के थाना सदर क्षेत्र के पाश इलाके नेहरू एन्क्लेव में शुक्रवार रात हार्डवेयर कारोबारी रजत वर्मा के घर में नकली पिस्टल लेकर 4 बदमाश घुस गए। घर में मौजूद उनकी पत्नी को पकड़ लिया। शोर मचाने पर सिर पर पिस्टल से प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हाथ और मुंह को टेप लपेटकर बांध दिया। इसी बीच साहस दिखाते हुए कारोबारी की बहन बाहर निकली और शोर मचाकर लोगों को जुटा लिया। बदमाशों ने पिस्टल से भीड़ को डराने की कोशिश की लेकिन लोगों ने पथराव कर दो बदमाशों को दबोच लिया। उनकी पिटाई लगाई। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
घटना रात तकरीबन 8.30 बजे की है। नेहरू एन्क्लेव, सदर निवासी रजत वर्मा की साै फुटा पर हार्डवेयर की दुकान है। दुकान पर उनके भाई मयंक पाल और नरेंद्र वर्मा भी बैठते हैं। उनके पिता बीएल वर्मा का साड़ी शोरूम है। रजत और बीएल वर्मा दुकान पर गए थे। मयंक पत्नी पुष्पा और भाई नरेंद्र के साथ शादी समारोह में बोदला गए हुए थे। घर में रजत की पत्नी पूनम वर्मा और बहन मुस्कान ही माैजूद थीं। कारोबारी के घर के बाहर ही तीन दुकान बनी हैं। इनमें एक सैलून, दूसरी सराफ और तीसरी परचून की है।
पूनम वर्मा गेट के पास बैठी हुई थीं। उन्होंने बताया कि तभी चार बदमाश आए। दो के हाथ में नकली पिस्टल तो दो के हाथ में चाकू थे। दो बदमाशों ने आते ही उन्हें पकड़ लिया। शोर मचाने पर एक बदमाश ने पिस्टल से सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया। दूसरे बदमाश ने हाथ और मुंह पर काॅमर्शियल प्रयोग में लाया जाने वाला प्लास्टिक टेप लपेट दिया। इसके बाद उन्हें घर के अंदर कमरे में खींचकर ले गए। इस कमरे में ही अलमारी रखी थी। बदमाश उसकी चाबी देने की कहने लगे। बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी दी।
उस समय मुस्कान रसोई में काम कर रही थीं। उन्होंने भाभी को पकड़े बदमाश को देखा। उन्हें समझते हुए देर नहीं लगी। वह दाैड़ती हुई घर के बाहर निकल गईं और शोर मचाने लगीं। उस समय घर के बाहर दुकानों पर ग्राहक खड़े हुए थे। लोग टहल भी रहे थे। आवाज सुनकर सभी घर के अंदर आए। लोगों के आने पर बदमाश कमरे से बाहर निकले। पिस्टल दिखाकर डराने का प्रयास किया। मगर वो नकली थी। लोगों ने पिस्टल असली समझा। मगर बदमाशों को पकड़ने के लिए पथराव कर दिया।
इसके बाद दोनों को पकड़ लिया। वहीं उनके दो साथी बाहर से भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों की लोगों ने पिटाई लगाना शुरू कर दिया। उधर, कारोबारी के रिश्तेदार पुलिस अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस आयुक्त को काल करके बताया। इस पर तीन पीआरवी पहुंच गईं। आरोपियों को लोगों से छुड़ाने के बाद ले गईं। वहीं डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास और एडीसीपी आदित्य सिंह, थाना सदर और एकता की फोर्स पहुंच गई।
दो बाहर खड़े होकर कर रहे थे रेकी
काॅलोनी के लोगों ने बताया कि बदमाशों की संख्या चार थी। दो घर के अंदर घुसे जबकि दो बाहर ही खड़े रहे। बाहर वाले रेकी कर रहे थे। यह देख रहे थे कि कोई आ तो नहीं रहा। जब बाहर आकर कारोबारी की बेटी ने शोर मचाया तो वह कुछ नहीं कर सके। कुछ ही देर में लोग जुट गए। यह देखकर बाहर वाले बदमाश भाग गए। हालांकि पुलिस वारदात में दो के ही शामिल होने के बारे में पता रही है। कारोबारी के घर में खून ही खून हो गया था। जानकारी पर परिजन आए तो पूनम को अस्पताल ले गए, जहां उपचार कराया। उनके सिर में दस टांके आए हैं।
जेल चुका है पकड़ा गया एक आरोपी
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अमन और विशाल हैं। वह रकाबगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें एक आरोपी जेल जा चुका है। चोरी और लूट के केस दर्ज हैं। लोगों के पीटने से दोनों घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे हालत में सुधार हुआ। हालांकि वो नशे की हालत में थे। इस कारण ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रहे थे। आशंका है कि वह महिला से चेन लूटना चाहते थे। महिला को घर के अंदर जाता देखकर घुस गए।
पाॅश इलाके में पुलिस की गश्त नहीं
काॅलोनी के लोगों ने बताया कि नेहरू एन्क्लेव पाश इलाके में आता है। बदमाश सरेआम घर के अंदर घुसकर वारदात करना चाहते थे। कारोबारी की बेटी ने साहस दिखाया। वह बाहर निकल आईं। शोर मचा दिया। इससे बड़ी वारदात नहीं हो सकी है। आशंका जताई कि बदमाशों ने पहले से कारोबारी के घर को निशाना बना रखा होगा। उन्होंने उसी दिन को चुना जिस घर में कोई पुरुष नहीं था। कमरे में ले जाकर बदमाश पूनम से चाबी भी मांग रहे थे। कालोनी में पुलिस की गश्त नहीं रहती है। इसका फायदा उठाया है।
घुसे थे दो बदमाश, पकड़े गए
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया किमहिला से लूट करने के लिए दो बदमाश घुस गए थे। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। दोनों को पकड़ लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना में किसी अन्य के शामिल होने की बात सामने नहीं आई है।