आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र में 60 वर्षीय विधवा ने अपनी बहू समेत छह लोगों पर चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेवला जाट स्थित राधा कुंज निवासी लक्ष्मी देवी ने बताया कि उनके पुत्र मनमोहन सिंह और बहू गुड़िया परमार के बीच पारिवारिक विवाद न्यायालय में विचाराधीन था। 10 अप्रैल को समझौते के बाद मनमोहन पत्नी को धौलपुर से वापस घर ले आया। आरोप है कि इसके बाद गुड़िया अभद्र व्यवहार करने लगी और मकान अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगी।
दो जून की शाम गुड़िया ने चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। चाय पीते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह 4 जून तक अस्पताल में भर्ती रहीं। चिकित्सीय जांच में जहरीले पदार्थ की पुष्टि हुई। 5 जून को बहू के पिता महेश परमार, भाई अखेयपाल सिंह, अभिषेक, लाखन सिंह व अन्य लोग घर में घुस आए और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो न्यायालय की शरण ली। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।