मैनपुरी। एक मोहल्ला की रहने वाली छात्रा को युवक स्कूल आते-जाते परेशान करता है। शनिवार को स्कूल जाते समय छात्रा को अगवा करने की कोशिश की। आरोपी छात्रा से शादी करने की बात कह रहा है। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी है। भयभीत पीड़िता की मां ने रविवार को आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला की रहने वाली एक छात्रा और उसकी सहेली के साथ बीते करीब 17 दिनों से वहीं का रहने वाला एक तलाकशुदा आरोपी रोक कर परेशान कर रहा है। वह छात्रा का नंबर मांगता है तो कभी हाथ पकड़ता है। शनिवार को आरोपी ने सारी हदें पार कर दीं। छात्रा जब स्कूल जाने के लिए कृष्णा टॉकीज रोड के पास पहुंची। तभी आरोपी वहां बाइक लेकर आया छात्रा को जबरदस्ती बाइक पर बैठाने की कोशिश करने लगा। चीखते हुए छात्रा किसी तरह से आरोपी से बच कर निकली। इस दौरान आरोपी ने अपना नंबर पकड़ा दिया। उक्त नंबर पर जब छात्रा के भाई ने फोन किया तो आरोपी ने कहा कि वह शादी करना चाहता है। ऐसा नहीं किया तो जान से मार दूंगा। धमकी के बाद पीड़िता व परिजन डरे हुए हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।