फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र के ग्राम जौताना के एक व्यक्ति ने अपनी पुश्तैनी जमीन को फर्जी तरीके से बेचने और कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित पूरन सिंह पुत्र स्व. बाबू लाल निवासी जौताना ने दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता बाबू लाल ने वर्ष 1994 में अपनी जमीन का एक हिस्सा विधिवत बैनामा के माध्यम से खरीदा था और तभी से वह भूमि उनके कब्जे में है। आरोप है कि 8 जुलाई 2025 को विपक्षी विशम्भर सिंह पुत्र महताब सिंह ने उक्त जमीन को फर्जी तरीके से अपने चचेरे भाई मनोज सिंह के नाम दोबारा बेच दिया। इस बैनामे में कुछ अन्य लोगों को गवाह भी बनाया गया, जबकि उन्हें पहले से जानकारी थी कि जमीन का बैनामा पहले ही हो चुका है। पीड़ित का कहना है 23 नवंबर 2025 को विपक्षीगण ने संगठित होकर उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया, जिसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।