कासगंज के पटियाली में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची विद्युतकर्मियों की टीम
- फोटो : KASGANJ
पटियाली (कासगंज)। बिजली चोरी रोको अभियान के अंतर्गत ग्राम नगला लक्ष्मन में चेकिंग करने गई विभागीय कर्मियों को ग्रामीणों ने दौड़ा दिया। मारपीट करते हुए उनके मोबाइल भी छीन लिए। जान बचाकर भागी टीम ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम नगला लक्ष्मन में शनिवार को अवर अभियंता सुबोध चौहान अन्य विद्युत कर्मी मुनेंद्र, आदेश कुमार, बृजेश कुमार, अजय तोमर, रामवरन, इनाम सिंह और लोकेश के साथ चेकिंग करने पहुंचे। टीम ने बिजली चोरी कर रहे लोगों के यहां वीडियोग्राफी की थी। तभी ग्रामीणों ने टीम पर हमला बोल दिया। मारपीट की गई तो टीम के सदस्य गांव से बाहर की और दौड़ लिए। ग्रामीणों ने पीछा कर उनकी मारपीट कर दी। उनके पास मौजूद मोबाइल भी छीन लिए गए। टीम के सदस्य जैसे तैसे कर जान बचाकर गांव से बाहर आए। अवर अभियंता सहित सभी विद्युत कर्मी कोतवाली में पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। विद्युत कर्मियों ने ग्रामीण राजकिशोर, भूरे, संतोष को नामजद करते हुए अन्य ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी।
गिरफ्तारी को दे रहे दबिश
विद्युत कर्मियों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस गहनता से मामले की जांच करेगी। वहीं मारपीट किए जाने वाले आरोपियों के दबिश दी गई है। आरोपी अभी फरार हैं। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- शैलेंद्र प्रताप, कोतवाली प्रभारी।