उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार की रात हमलवारों ने स्कार्पियो सवार युवक को गोली मार दी। इसके बाद हथियार लहराते हुए भाग निकले। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पुर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घायल को अस्पताल पहुंचाया। वारदात मलपुरा थाना क्षेत्र के इटौरा स्थित प्रिंस दा ढाबा पर हुई।
मूल रूप से एमपी के ग्वालियर जिले के रमऊआ निवासी शैलेंद्र उर्फ शैलू (20) अपने पिता पंजाब सिंह का इलाज कराने दिल्ली गए थे। रात में वहां से ग्वालियर लौट रहे थे। उनके साथ उनके दोस्त सचिन (25) निवासी सिरोल कस्बा एवं राहुल निवासी कठमां गुर्जर भी साथ थे। रात करीब 8:20 बजे यह लोग प्रिंस दा ढाबा पर खाना खाने के लिए रुके।
सचिन खाना खाने के बाद स्कॉर्पियो की तरफ आ गया। अन्य लोग खाना खा रहे थे। राहुल ने बताया कि सचिन के गाड़ी में बैठने से पहले ही तीन हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली स्कॉर्पियो के आगे के सीसे को चीरती हुई निकल गई।
फायरिंग देख सचिन भागने लगा। हमलावर भी सचिन के पीछे दौड़े। सचिन को पीछे से गोली मार दी। गोली सचिन की कमर के नजदीक लगी है। गोली लगने से वह घायल हो गया। घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई। हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से ग्वालियर की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी एवं एसीपी सैंया देवेश सिंह मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को इलाज के लिए आगरा भेजा है। इसके साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा जोन की टीम भी पहुंच गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी ने बताया कि आपसी रंजिश की वजह से फायरिंग हुई है। मामले की जांच की जा रही है।