- आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चल रहा है मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। परोंख पुल के पास गांव नगला भमी निवासी युवक पर आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। उसकी लाइसेंसी पिस्टल छीनने की कोशिश की। किसी तरह से युवक जान बचाकर निकला। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में मुकदमा दर्ज चल रहा है। कोतवाली पुलिस तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला भमी निवासी रहीस पाल का एक मकान शहर में स्थित है। 30 नवंबर की दोपहर को वह शहर स्थित मकान से अपने गांव नगला भमी जा रहे थे। जैसे ही वह परोंख पुल के पास पहुंचे। तभी वहां पहले से घात लगाकर बैठे रिंकू, विवेक और शिवम सिंह ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथापाई करते हुए लाइसेंसी पिस्टल छीनने की कोशिश की। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। रहीस पाल किसी तरह से बच कर निकले। पुलिस को बताया कि आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इसी बौखलाहट में हमला किया गया। वह लोग उन्हें व पुत्र को जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। अगर उनके व परिजन के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो आरोपी ही इसके जिम्मेदार होंगे। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।