फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस पर हमला: सत्यापन करने गए पुलिसकर्मियों को घेरा, कांच की बोतलें फेंकीं; तीन सिपाही जख्मी

Wed, 29 Nov 2023 09:09 AM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा के लोहामंडी, कागारौल के बाद खंदौली में पुलिस पर हमला किया गया।  सत्यापन के दौरान आरोपियों ने पुलिस से जमकर अभद्रता की। इस दौरान पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। कांच की बोतलें फेंकी गईं, जिससे पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। इस हमले में तीन सिपाही घायल हुए हैं।

 
विज्ञापन
आगरा पुलिस की गाड़ी (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के लोहामंडी, कागारौल के बाद मंगलवार को खंदौली में पुलिस पर हमला बोला गया। व्यापारियान मोहल्ले में सत्यापन करने गए दरोगा और चार सिपाहियों को अपराधी और उसके साथियों ने घेर लिया। पहले पिटाई की, बाद में ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें फेंकीं। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। हमले में सिपाहियों को चोट लगी। पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। घटना की जानकारी पर थाने की फोर्स पहुंची। इसके बाद मुख्य आरोपी को पकड़ लिया। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन


थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि वह इलाके में जेल से छूटकर आए अपराधियों का सत्यापन करा रहे हैं। यह पता किया जा रहा है कि वह जेल से बाहर आने के बाद क्या कर रहे हैं। वो कहीं किसी अपराध में संलिप्त तो नहीं है। व्यापारियान मोहल्ले के कासिम उर्फ पिल्ला पर कई मुकदमे दर्ज हैं। उसका भी सत्यापन किया जाना था। मंगलवार को मोहल्ले में दरोगा रविकांत, चालक कैलाश, सिपाही अंकित और हरेंद्र पहुंचे।

कासिम केनरा बैंक के पास एक ठेल पर खड़ा मिल गया। पुलिसकर्मी उससे पूछताछ करने लगे। अचानक कासिम भागने लगा। इस पर पुलिसकर्मियों ने पीछा करके पकड़ लिया। उसने शोर मचा दिया। कासिम ने अभद्रता और गालीगलौज भी की। मारपीट भी करने लगा।
विज्ञापन


चारों पुलिसकर्मी उसे थाने लेकर जाने लगे। आवाज सुनकर कासिम के साथी आ गए। वह पुलिस से मारपीट और पथराव करने लगे। जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने दौड़ लगा दी। आरोपियों ने ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें भी फेंकीं। इससे क्षेत्र के लोग घबरा गए।

पथराव और मारपीट में चालक कैलाश, सिपाही अंकित और हरेंद्र को चोट लगीं। घटना के बाद क्षेत्र के लोग भी जुट गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बचाया। हमलावर भाग निकले। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंची। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। कासिम को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

कासिम पर दर्ज हैं पांच मुकदमे
थाना पुलिस जिस कासिम का सत्यापन करने गई थी, वह काफी दबंग है। वह क्षेत्र में अपना दबदबा बनाकर रखता है। उस पर 5 मुकदमे दर्ज हैं। एक मुकदमा हत्या के प्रयास का है, जबकि दो मुकदमे लॉकडाउन के दौरान उल्लंघन के हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि वह पूर्व में भी पुलिस पर हमला कर चुका है।

सिर और हाथ में लगी चोट
पथराव में सिपाही हरेंद्र के हाथ में चोट लगी, जबकि चालक कैलाश के सिर में पत्थर लगा था। वह लहूलुहान हो गए। दोनों सिपाही ही आरोपी कासिम को पकड़े हुए थे।

दुकानों के शटर गिराए, बैंक का चैनल किया बंद
जिस समय पथराव हुआ, उस समय मोहल्ले में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन हो रहा था। पुलिसकर्मियों से मारपीट और पथराव देखकर लोग घबरा गए। दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए, जबकि केनरा बैंक का लोहे का चैनल गार्ड ने बंद कर दिया। कुछ लोग बैंक और दुकानों में भी छिप गए। राजमार्ग पर भी वाहन रुक गए। कुछ दुकानदार आए। उन्होंने पथराव करने वालों पर ईंट पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी भाग गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें