शाहगंज थाने में भाजयुमो नेता और कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के शाहगंज बाजार में बृहस्पतिवार रात को माहौल गर्मा गया। भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित और उनके साथियों पर हमला कर दिया गया। हमले में उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त की गई। उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा। बाद में दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया। मारपीट का आरोप लगाया। घटना से क्षेत्र में तनाव हो गया। इस पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
रात 10 बजे हुई हमले की घटना
भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित बृहस्पतिवार रात तकरीबन दस बजे गोगा मौर्या, गोविंद कुशवाहा और जीतू प्रजापति शाहगंज स्थित सत्तो लाला हलवाई पर आए थे। उन्होंने बताया कि चाट खाने पीने के दौरान ही कोल्हिाई निवासी शाहिद बेग अपने कुछ साथियों के साथ आ गया। दोनों में तीन महीने पहले एक युवती की ससुराल में मौत के बाद विवाद हुआ था। उन्होंने मुकदमे भी दर्ज कराए थे। तब से दोनों में तनातनी चली आ रही है।
भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष का आरोप है कि शाहिद बेग और उसके साथियों ने गालीगलौज की। वह जान बचाकर गाड़ी छोड़कर भागे। मगर, हमलावरों ने गोगा मौर्य को पकड़ लिया। उनकी पिटाई की। वह किसी तरह बचकर भागे। उनकी सफारी गाड़ी रह गई। आरोप है कि उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।