शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस की तीनों टीमों ने दबिश देकर गिरधारी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ में उसके कई साथियों के नाम सामने आए। उनके धौलपुर के कंचनपुर थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा में होने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस टीम ने गांव कछपुरा में दबिश दी। गिरधारी के साथी रामेश्वर सहित तीन और पकड़ लिए। पुलिस टीम चारों को लेकर आने लगी। तभी आरोपियों के परिवार की महिलाएं और अन्य लोग एकजुट हो गए। पुलिस टीमों की घेराबंदी कर ली गई।
उन्होंने पुलिस से खींचतान शुरू कर दी। आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया। वर्दी भी खींचने लगे। इस दौरान शोर मचाया कि पुलिस की वर्दी में बदमाश आ गए हैं। जान बचाने के लिए एक दरोगा ने पिस्टल से हवाई फायर कर दिया। गोली एक महिला के कान के पास जा लगी। वह गिर पड़ी। महिला के लहूलुहान होने पर लोग उग्र हो गए। पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर गांव से बाहर निकली।
कंचनपुर थाना में बैठाए पुलिस कर्मी
उधर, ग्रामीणों ने वर्दीधारी बदमाशों द्वारा अपहरण की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। इस पर थाना कंचनपुर की पुलिस आ गई। आगरा पुलिस की एक टीम चारों आरोपियों को लेकर आने लगी। दूसरी टीम के एक दरोगा और चार सिपाही थाना कंचनपुर में घटना की जानकारी देने पहुंच गए। राजस्थान पुलिस भी आ गई। प्राइवेट बोलेरो में सवार पुलिसकर्मियों को रोक लिया। उन्हें थाने में ही बैठा लिया। इनमें एसआई हरिओम, हेड कांस्टेबल सुभाष, सिपाही रविंद्र, सचिन और धर्मेंद्र थे। थाने में पुलिसकर्मियों को बैठाने की जानकारी पर एसएसपी मुनिराज जी धौलपुर पहुंच गए। वह देर रात धौलपुर के एसएसपी से वार्ता कर रहे थे।
महिला की हालत गंभीर
पुलिस की गोली लगने से घायल महिला महादेवी है। उसको स्थानीय थाना पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी है।
ये भी पढ़ें-
मथुरा में कोरोना का प्रकोप: संक्रमण से पांच की मौत, 474 नए पॉजिटिव केस, जानिए कहां मिले नए मरीज
ये भी पढें-
आत्मघाती कदम: कासगंज में दंपती ने जहर खाकर दी जान, मातम में बदलीं ईद की खुशियां