राजनेता की हत्या और खुद को बेगुनाह साबित करने वाले कलाकार की कहानी पर आधारित फिल्म कुलदीप पटवाल और वेब सीरीज फर्जी का सहायक कलाकार मान सिंह नशे की तस्करी में शामिल था। आरोप है कि बड़े-बड़े तस्करों से हेरोइन लाकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक सप्लाई करता था। एक साल पहले पुलिस ने गिरोह को न्यू आगरा क्षेत्र में पकड़ा तो उसका नाम सामने आया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस की टीम लग गई। दिल्ली स्थित घर में आरोपी नहीं मिला। बाद में टीम उसकी तलाश में मुंबई गई। 12 महीने बाद उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। ट्रांजिट रिमांड पर आगरा लाने के बाद कोर्ट में पेश किया।
खर्च पूरे करने के लिए नशे की तस्करी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी मान सिंह ने बताया कि वह आठवीं फेल है। बचपन से ही फिल्मों में जाने के बारे में सोच लिया था। इसलिए 17 साल की उम्र में ही वर्ष 2008 में मुंबई चला गया। इसके बाद फिल्मों में जाने के लिए प्रयास किए। मगर सफलता नहीं मिली। इस बीच कई फिल्म निर्देशकों से उसकी मुलाकात हुई। तब उसे कई फिल्म और वेबसीरीज में छोटे-छोटे रोल मिलने लगे। उसने वर्ष 2018 में आई फिल्म कुलदीप पटवाल में मुख्य विलेन के साथ सहायक कलाकार के रूप में कार्य किया। इस फिल्म की कहानी में एक राजनेता की हत्या होती है। इसमें मुख्य कलाकार को फंसा दिया जाता है। इसके साथ ही कलाकार अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए संघर्ष करता है। इसी तरह आरोपी मान सिंह ने वेबसीरीज फर्जी में भी सहायक कलाकार का किरदार निभाया। इस वेबसीरीज में शाहिद कपूर और विजय सेतुपति जैसे सितारों ने काम किया। इसकी कहानी नकली नोटों के धंधे से जुड़ी है। यह वर्ष 2023 में रिलीज हुई थी। मान सिंह ने पूछताछ में बताया कि फिल्मों में असली किरदार न निभा पाने के कारण उसे रुपयों की जरूरत थी। इसे पूरा करने के लिए वह नशे की तस्करी करने लगे। वह ट्रेन में सफर करता था। तस्करों के पास हेरोइन पहुंचा देता था। इसके बदले उसे 10 से 15 हजार रुपये मिल जाते थे। वह वापस जाने के लिए हवाई यात्रा करता था।