कासगंज। शहर के नदरई गेट, सोरोंजी गेट सहित अन्य बाजार में शाम होते ही जाम के हालात बनने लगते हैं। नो एंट्री के समय से पहले ही वाहन बाजार में प्रवेश करने लगते हैं। वहीं ई-रिक्शा चालक आड़ा तिरछा कर बाजार से जल्दी से ई-रिक्शा निकालने की कोशिश में जाम लगा देते हैं। इससे लोगों को खासी दिक्कतें होती हैं।
शहर के बाजार में बड़े वाहनों का प्रवेश सुबह 9 बजे से रात्रि 8 बजे तक प्रतिबंधित है। जिससे जाम न लग सके। ई-रिक्शा चालकों के लिए भी रूट निर्धारित किए गए हैं। जिससे एक ओर से ई-रिक्शा बाजार में प्रवेश करें और दूसरी ओर से निकल जाएं, लेकिन इस व्यवस्था पर कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है।
शाम होने पर कार व अन्य वाहन बाजार में प्रवेश करते हैं। ई-रिक्शा चालक भी सीधे में बाजार में प्रवेश न गलियों आदि से होकर बाजार में आ जाते हैं। इस कारण बाजार में वाहनों की संख्या अधिक होने पर जाम के हालात बन जाते हैं। गांधी मूर्ति क्षेत्र में हथठेल वाले सड़क पर हथठेल लेकर आ जाते हैं, इससे सड़क और भी अधिक संकरी हो जाती है।
वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतें होती हैं। यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि नो एंट्री में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों चालान करने की कार्रवाई की जाएगी। ई-रिक्शा चालक रूट निर्धारण व्यवस्था का पालन नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।