मैनपुरी। आगरा रोड स्थित गल्ला मंडी में दो दिन के जाम के बाद बृहस्पतिवार को धान की आवक रोकने के बाद राहत रही। व्यापारियों की अपील पर किसान मंडी में धान लेकर नहीं पहुंचे। देर रात तक व्यापारी धान की पैकिंग कराते हुए देखे गए। जिले में इस साल धान की बंपर पैदावार हुई है। इसके चलते पिछले दो दिन से शहर की गल्ला मंडी में रिकाॅर्ड धान पहुंच रहा था। माल वाहनों की वजह से मंगलवार और बुधवार को मंडी के पास करीब 4 किलोमीटर तक जाम के हालात रहे। बुधवार को देर शाम तक जाम लगा होने के बाद व्यापारियों ने किसानों से मंडी में धान की आवक रोके जाने की अपील की थी। बृहस्पतिवार को मंडी में धान की आवक बंद रही। इससे व्यापारियों को अपना माल उठाने का मौका मिल गया। सुबह से लेकर देर रात तक व्यापारी धान लोड करने में जुटे रहे। मंडी सचिव मनोज कुमार ने बताया कि 14 और 15 अक्तूबर को मंडी में रिकार्ड धान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि दो दिन में 13000 मीट्रिक टन धान पहुंचा है। इसके चलते ही मंडी के हालात बिगड़े थे।
आवक बढ़ने से गिरी धान की कीमतें
जिले में धान की आवक बढ़ने के साथ ही धान की कीमतों में 200 से 300 रुपया प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई। जो धान सोमवार को 3300 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका था वह 2900 रुपये तक आ गया। वहीं जिस धान की कीमत सोमवार को 2700 से 2800 रुपये थी वह 2300 से 2500 के बीच है।
बासमती धान वैरायटी - कीमत प्रति क्विंटल
पूसा बासमती 1718- 2900 रुपये
पूसा बासमती 1121- 2900 रुपये
पूसा बासमती 1692- 2500 रुपये
पूसा बासमती 1509- 2200 रुपये
पूसा बासमती 1847- 2250 रुपये
बासमती ताज- 1900 रुपये
बासमती चंदन 21 - 1650 रुपये
पूसा बासमती सुपर 52- 2300 रुपये
-
आज से धान की आवक होगी शुरू
मंडी सचिव मनोज कुमार का कहना था कि शुक्रवार की सुबह तक व्यापारी धान का उठान कर लेंगे। ऐसे में शुक्रवार से किसान अपना धान मंडी में लेकर आ सकते हैं। उन्होंने माल वाहनों के चालकों से अपील की कि आढ़े तिरछे वाहन न लगाएं लाइन से आएं तो आने जाने में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।