दन्नाहार। थाना पुलिस ने टॉप 10 अपराधियों की सूची में शामिल एक हिस्ट्रीशीटर को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर पर थाने में 26 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा।
प्रभारी निरीक्षक ओमहरि वाजपेई को बृहस्पतिवार की रात सूचना मिली कि टॉप टेन की सूची में शामिल एक अपराधी गांव कुचेला के पास मौजूद है। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने चौकी इंचार्ज कीरतपुर अमित सिंह को टीम के साथ मौके पर भेजा। चौकी इंचार्ज ने गांव के पास स्थित शराब ठेका के पास से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया अरमान पुत्र कौशर खान निवासी कोसमा एक शातिर अपराधी है। थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। उस पर करीब 26 से अधिक आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। वर्तमान में वह एक जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था। शुक्रवार को आरोपी जेल भेजा गया है।